गोरखपुर। तरंग क्रॉसिंग के पास डॉ. कफील के भाई कासिफ को गोली मारने वाले शूटरों की तलाश तेज हो गई है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक होटल व्यापारी समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि हमले की गुत्थी सुलझा ली गई है, शूटरों को पकड़कर जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
उधर, कासिफ के भाई आदिल ने डीजीपी से मुलाकात कर पुलिस की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने इलाज में चार घंटे की देरी की।
बसंतपुर निवासी कासिफ को रविवार की रात 10:30 बजे तरंग क्रॉसिंग के पास नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी थी। कासिफ का लखनऊ स्थित केजीएमसी में इलाज चल रहा है।
पुलिस आदिल की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के साथ ही एसटीएफ भी पर्दाफाश में लगी है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक होटल व्यापारी समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि होटल व्यापारी से ही कासिफ का जमीन और रकम के लेनदेन का विवाद है। एसएसपी शलभ माथुर का कहना है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही शूटर को पकड़कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।