चिलुआताल (गोरखपुर)। मोहरीपुर-सिहोरवा मार्ग पर तिरपाल में लपेटकर फेंके गए इमरान खान (30) नामक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। उसकी सिर कूंचकर हत्या की गई थी। थोड़ी दूरी पर लावारिस हाल में मिली बाइक के नंबर से पुलिस ने शिनाख्त कर घरवालों को सूचना दी। थाने पहुंचे भाई गुलजार ने इमरान की पत्नी पर हत्या कराने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर इमरान की पत्नी शीबा खान और चार सालों तारिक, आरिफ, आसिफ, तारुख के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को इमरान की जेब में कुछ कागजात और मोबाइल भी मिला है।
राजघाट के रायगंज दक्षिणी निवासी इमरान के भाई की मोहरीपुर के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। वह भाई के घर से मंगलवार की सुबह 11 बजे निकला, लेकिन इसके बाद नहीं लौटा। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे कि इसी बीच बुधवार की सुबह तिरपाल में लपेटी उसकी लाश मिली। सड़क किनारे खड़ी बाइक और तिरपाल के अंदर से निकला पैर देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक के नंबर से जब पता किया तो वह अलीनगर निवासी शीबा खान की निकली। इसके बाद शव की शिनाख्त हुई। सूचना मिलने पर एसपी नार्थ रोहित सिंह सेजवान भी मौके पर पहुंचे थे। इमरान पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह भाइयों के साथ ही रहता था। पुलिस के अनुसार इमरान मंगलवार की शाम अपने ससुराल गया था।
पत्नी से थाने में हुआ था समझौता
इमरान की शादी 27 फरवरी 2017 को हुई थी। दोनों को पांच महीने का बेटा उमैर भी है। पुलिस के अनुसार इमरान और उसकी पत्नी की बनती नहीं थी। कुछ महीने पहले ही दोनों के बीच थाने में पंचायत हुई थी। समझौते के बाद दोनों कुछ दिन तो साथ रहे, लेकिन फिर पत्नी मायके चली गई।