शिवम सिंह
गोरखपुर।
आधी आबादी से संबंधित अपराधों की पुरानी फाइलें खंगाली जाएंगी। इसका मकसद महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना है। मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने ली है। सभी थानाध्यक्षों से महिला अपराध का ब्यौरा भी तलब किया है। जल्द ही मीटिंग करके मामलों में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार करके सजा दिलाने की कोशिश होगी।
जिले में महिला अपराध के 250 ऐसे मामले हैं, जिसके निपटारे पर पुलिस दिलचस्पी नहीं दिखा रही। इसे लेकर एसएसपी ने समीक्षा बैठक बुलाई है। जल्द ही बैठक कर क्षेत्राधिकारी और थानेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। हर मामले की प्रगति रिपोर्ट एसएसपी को उपलब्ध करानी होगी। जिले में महिला अपराध की घटनाओं पर पुलिस संवेदनशील है। केस भी दर्ज किए जा रहे हैं लेकिन कार्रवाई तेजी से नहीं हो पा रही। इसका संज्ञान एसएसपी ने लिया है। एसएसपी का कहना है कि हर थाने में दर्ज मामलों की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई है। खासतौर से रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में दर्ज पुराने केस पर सौ फीसदी गिरफ्तारी के आदेश हैं।
.........
महिला थाने की पंचायत बंद
महिला अपराध के मामले सामने आने पर अफसर भी महिला थाने पर ही मामले को भेजते थे। वहां पर मौजूद पुलिस वाले केस दर्ज करने की जगह दोनों पक्ष को बुलाकर सुलह समझौते का दबाव बनाकर पंचायत करते थे। एसएसपी ने वहां से दो सिपाहियों का पूर्व में ही तबादला कर दिया और अब वहां पर मामले भी नहीं भेजे जा रहे हैं। महिला अपराध के मामले भी संबंधित थाने पर भेजे जा रहे हैं। वहीं से उसका निपटारा भी कराया जा रहा है।
.........
केस 1
डेढ़ महीने पहले बेलघाट इलाके में रिश्तेदारी में आई किशोरी के साथ रेप की घटना हुई। अफसरों के दबाव पर पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। घरवाले 52 किलोमीटर की दूरी तय कर अफसरों से फरियाद लगा रहे हैं। कार्रवाई न होने की वजह से ही दोनों आरोपी अब केस वापसी का दबाव बना रहे हैं।
केस 2
खोराबार क्षेत्र के एक गांव में दुर्गा पूजा से लौट रही युवती के साथ छेड़खानी हुई। विरोध करने पर बदमाशों ने घर पर चढ़कर मारपीट भी की। घटना के एक हफ्ता गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज करने के अलावा कोई कार्रवाई नहीं की है। शोहदे अभी भी बेपरवाह होकर घूम रहे हैं और केस वापसी की धमकी दे रहे हैं।
........
कोट
महिला अपराध पर फोकस कर पुलिस काम करेगी। इसके लिए जल्द ही बैठक की जाएगी और महिला अपराधों से जुड़े सभी मामलों में आरोपियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। केस की मॉनीटरिंग भी होगी।
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी