गोरखपुर।
चौरीचौरा एक्सप्रेस के एसी कोच में चोरी की जांच अब वाराणसी मंडल की जीआरपी और आरपीएफ करेगी। गोरखपुर से केस वाराणसी मंडल को ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके पहले आरपीएफ ने पीड़ित छात्रा रश्मिका का बयान भी दर्ज कर लिया है।
कानपुर अनवरगंज से गोरखपुर आने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस के एसी कोच से 28 सितंबर की देर रात इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की छात्रा और पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय की बेटी रश्मिका व तीन अन्य यात्रियों के बैग चोरी हो गए। जिस बोगी में चोरी हुई, उसमें एस्कार्ट टीम भी मौजूद थी। रश्मिका व अन्य यात्रियों की तहरीर पर जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया। रविवार को आरपीएफ ने रश्मिका से घटना के बारे में जानकारी ली और बयान दर्ज किया। घटनास्थल गोरखपुर कैंट में होने के चलते केस को वाराणसी मंडल को ट्रांसफर कर दिया गया है।
लखनऊ में पकड़ा गया चोर
गोरखपुर। बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में शनिवार की रात लखनऊ में एसी कोच से बैग चोरी करते समय एक युवक को पकड़ा गया। इस चोर के जरिए कई और चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।