गोरखपुर। देवरिया कांड की आरोपी गिरिजा त्रिपाठी के गोरखपुर स्थित वृद्धाश्रम में मंगलवार को एक बार फिर एसआईटी ने जांच की। इस दौरान एक लैपटॉप और बगल के खाली प्लाट से कंप्यूटर के टूटे पार्ट्स मिले। पार्ट्स को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। एसआईटी के साथ एसटीएफ के सदस्य भी थे। प्रशासनिक और पुलिस अफसरों की मौजूदगी में ताला खोला गया था।
देवरिया और गोरखपुर में गिरिजा के वृद्धाश्रम की जांच कर एसआईटी साक्ष्य जुटाने में जुटी है। मंगलवार की दोपहर एसआईटी गोरखपुर वृद्धाश्रम पहुंची। प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में ताला खोलकर जब जांच शुरू की गई तो एक कमरे में लैपटॉप मिला। वहां जब कंप्यूटर के कुछ टूटे उपकरण मिले तो टीम ने पड़ोस के प्लाट की भी जांच की। वहां से तोड़कर फेंके गए कंप्यूटर के कई पार्ट्स मिले। इसे जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है ताकि पुष्टि हो सके कि यह वृद्धाश्रम से मिले उपकरण के ही पार्ट्स हैं या नहीं। सोमवार को टीम ने देवरिया के आश्रम में भी चेकिंग की थी। वहां से कुछ कागजात भी जब्त किए गए थे।