झंगहा (गोरखपुर)। झंगहा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी के सेल्समैन को तमंचा सटाकर 40 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब हुई। कैंट थाना क्षेत्र के कमलेशपुरम निवासी अविनाश सिंह की चौरीचौरा इलाके के डुमरी खुर्द में देव इंटरप्राइजेज नाम से पतंजलि की एजेंसी है। मंगलवार को ऑटो चालक राहुल सिंह के साथ सेल्समैन अभिषेक जायसवाल दुकानों पर सामान पहुंचाने निकले थे। मोतीराम अड्डा की ओर से वह झंगहा आ रहे थे, इसी समय पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने ऑटो रोककर वारदात को अंजाम दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए लेकिन बदमाश असलहा लहराते फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस चालक को साथ लेकर आरोपियों के तलाश में जुटी है।