शाहपुर पुलिस ने स्वॉट टीम की मदद से रविवार को 15 हजार के इनामी एक चेन स्नेचर को धर्मशाला रेलवे पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पत्नी को भी पकड़ा गया है। उनके पास से छीनी गई चेन और चार किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में बदमाश ने छह घटनाओं में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। अपराध के बाद गहने वह अपनी पत्नी को देता था ऐसे में वह पति को प्रोत्साहित करती थी। पुलिस ने पत्नी को मुल्जिम बनाया है।
रविवार को पुलिस लाइंस में एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर घटनाओं का पर्दाफाश किया। बताया कि इंस्पेक्टर शाहपुर ओम हरि वाजपेयी को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर लुटेरे गोलघर काली मंदिर के रास्ते आने वाले हैं, जो महराजगंज जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस व स्वॉट टीम ने धर्मशाला पुलिस के नीचे चेकिंग शुरू की। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने एक को पकड़ लिया जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
तलाशी के दौरान उसके पास से चार किलो गांजा मिला। पूछताछ में उसकी पहचान कोतवाली इलाके के हठ्ठी माई मंदिर निवासी शानू यादव उर्फ राहुल यादव के रुप में हुई। उसने बीते दिनों शहर के अलग-अलग इलाकों में स्नेचिंग की छह घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी पत्नी आकांक्षा यादव के पास से लूटी गई तीन चेन भी बरामद की।
शानू पर दर्ज हैं 18 केस
एसपी सिटी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर शानू यादव के खिलाफ जिले के कोतवाली थाने में लूट, स्नेचिंग और अपहरण जैसे अपराध के 18 केस पहले से दर्ज हैं। इसे देखते हुए बीते दिनों उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। एसएसपी शलभ माथुर ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 15 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
पुलिस पर फंसाए जाने का आरोप
चेन स्नेचिंग के मामले में गिरफ्तार शानू यादव की मां कौशल्या यादव ने बेटे और बहू को फंसाए जाने का आरोप लगाया। कौशल्या का कहना है कि एक बदनाम पुलिस वाले ने मेरे घर दबिश दी थी और महिलाओं के साथ बदसलूकी की थी। इस मामले में केस भी चल रहा है। उस मुकदमे को सुलह के लिए लगातार दबाव बनाया जाता है। इसी के चक्कर में बेटे को बार-बार फंसाया जा रहा है। आरोप लगाया कि उनके बेटे को 31 जनवरी की सुबह पांच बजे घर से हिरासत में लिया गया और फर्जी मुकदमे में फंसा दिया गया। न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि पुलिस ने फर्जी तरीके से इनाम घोषित कर गिरफ्तारी की है, न्याय नहीं मिला तो आमरण अनशन करेंगे।