गाेरखपुर /कसिहार। बेलीपार के भरवलिया गांव में सुधीर शाही के मकान के पांच कमरों का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात और नकदी और अन्य कीमती सामान ले गए। मंगलवार को घर पहुंचे सुधीर ने ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। उनकी सूचना पर आई पुलिस जांच में शुरू कर दी है।
सुधीर शाही 19 अप्रैल को घर में ताला बंद कर अपनी बड़ी बहू और पत्नी के साथ लुधियाना में अपने बेटे निक्कू के पास चले गए थे। इधर, ताला बंद मकान देखकर चोर घर के बगल में गली के रास्ते से मकान के छत पर चढ़ गए और सीढ़ी में लगी खिड़की का ग्रील काटकर अंदर दाखिल हुए। पांच कमरों को खंगाल कर चोर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मंगलवार को सुधीर लुधियाना से घर वापस लौटे तो मुख्य गेट पर ताला बंद था। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने मामले की सूचना बेलीपार पुलिस को दी।
पुलिस खोजी कुत्ते और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। सुधीर शाही के मुताबिक 12 लाख से ज्यादा के जेवरात समेत करीब 20 लाख का सामान चोरी होने की बात कही। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फिंगर प्रिंट के नमूने लिए हैं। कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।