बेलीपार (गोरखपुर)। निर्माणाधीन फोरलेन के दायरे में आए मकान को तोड़ने के दौरान गिरे छज्जे की चपेट में आए राहगीर कोलाहल यादव (55) की मौत हो गई। वह बेटे की शादी की तैयारी के लिए सामान खरीदने निकले थे। बिना किसी सुरक्षा के सड़क पर ही तोड़फोड़ से हुई इस घटना से लोगों में आक्रोश है। मृत व्यक्ति के गांव के लोगों ने नाराजगी जताई।
बेलीपार रोड पर दिनेश विश्वकर्मा का दो मंजिला मकान था। प्रशासन की ओर से उसके अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी होने के बाद दिनेश मजदूर की मदद से मकान को तोड़वा रहे थे। लोगों के अनुसार उस समय आसपास किसी को खड़ा नहीं किया गया था, जो यह बता सके कि वहां पर मकान को तोड़ा जा रहा था। उसी दौरान हरदिया निवासी कोलाहल उधर से गुजर रहे थे। ऊपर से गिरे छज्जे के नीचे आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कोलाहल के बेटे राजेश की शादी 17 अप्रैल को तय है। वह शादी की तैयारी के लिए ही दो दिन पहले गांव आए थे।