सेंट एंड्रयूज कॉलेज में तोड़फोड़-तालाबंदी, पांच छात्र निलंबित
एलएलबी के छात्रों पर शिक्षकों से भी बदसलूकी करने का आरोप
बुधवार को हुई थी मारपीट, कार्रवाई न होने से नाराज था एक गुट
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज में गुरुवार को एलएलबी के छात्रों ने जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने कक्षा के बहिष्कार का विरोध कर रहे शिक्षकों से न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि कई कक्षाओं में डेस्क, बेंच तोड़ दिए। छात्र एक दिन पहले परिसर में हुई मारपीट में कार्रवाई न होने से नाराज थे। उन्होंने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इसके चलते काफी देर तक अफरातफरी मची रही। विभागाध्यक्ष ने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। प्राचार्य डॉ. जेके लाल ने इस मामले में पांच छात्रों को निलंबित कर दिया है।
कॉलेज में बुधवार को विधि विभाग के दो छात्र गुटों में मारपीट हुई थी। आरोप है कि एक गुट ने बाहरी लड़कों को बुलाकर दूसरे गुट के दो छात्रों को पीट दिया। पिटे छात्रों ने प्राचार्य से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। प्राचार्य ने उनके शिकायती पत्र को अग्रसारित भी कर दिया। मुकदमा दर्ज कराने कैंट थाना गए छात्रों की सुनवाई नहीं हुई। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे जब एलएलबी की कक्षाएं शुरू हुईं तो छात्रों ने कार्रवाई की मांग लेकर बहिष्कार शुरू कर दिया। कुछ शिक्षकों ने जब उन्हें रोका तो वे भड़क उठे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि शिक्षकों के साथ भी धक्कामुक्की की गई। इसके बाद नारेबाजी करते हुए छात्र कॉलेज के मुख्य द्वार पर गए और वहां ताला जड़ दिया। विभागाध्यक्ष ने उन्हें समझाकर गेट खुलवाया।
मीडिया प्रभारी डॉ. सुशील राय ने बताया कि परिसर में हंगामा करने वाले एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर के छात्र धीरेंद्र यादव, बृजेश सिंह, अंकुर मिश्रा, हिमांशु पांडेय एवं शिवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। प्राचार्य ने जांच के लिए शिक्षकों की कमेटी गठित की है। जांच पूरी होने तक निलंबित छात्रों के परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। उन्हें डाक से कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। 20 सितंबर को अभिभावकों के साथ उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।