यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती के चलते नकल करने में कामयाब नहीं होने वाले छात्र अब तकनीकी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। गांधी इंटर कॉलेज महुआपार, बड़लहलगंज के बाद अब कैंपियरगंज के परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ से नकल करते एक छात्र पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक ने छात्र के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
जनता इंटर कालेज इंद्रपुर, कैंपियरगंज में इंटरमीडिएट अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी रवि कुमार को आंतरिक सचल दल की टीम ने निरीक्षण के दौरान अपनी टोपी इधर-उधर करते देखा। शक होने पर तलाशी ली तो टोपी में ब्लूटूथ मिला, जिसमें दूसरी तरफ से आवाज आ रही थी। सचल दल से दूसरे छात्रों ने बताया कि इसकी जानकारी कक्ष निरीक्षक को दी गई थी लेकिन उन्होेंने अनदेखी कर दी। टीम ने छात्र की कॉपी, प्रश्नपत्र व ब्लूटूथ लगी टोपी को सील कराकर बोर्ड कंट्रोल रूम को भेज दिया। डीआईओएस के निर्देश पर केंद्र व्यवस्थापक ने छात्र के खिलाफ कैंपियरगंज थाने में तहरीर दी है।
वहीं बोर्ड कार्यालय के कंट्रोल रूम ने एक सूचना में संशोधन कर बताया कि डीआईओएस ने पं. दीन दयाल इंटर कॉलेज पिपराइच का निरीक्षण किया था जिसमें तीन कमरों में चल रही छात्राओं की परीक्षा में एक भी महिला कक्ष निरीक्षक नहीं मिली थीं। वहां एक परिषदीय स्कूल की शिक्षिकों को भेजा गया है।
10 मार्च को होगी एग्रोनॉमी की परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का कृषि शस्य विज्ञान (एग्रोनॉमी) षष्ठम प्रश्नपत्र, कृषि भाग दो की परीक्षा अब 12 मार्च की जगह 10 मार्च को दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से सायं 5:15 बजे तक होगी। जिला बोर्ड कार्यालय ने राजकीय एडी कन्या इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया है। जहां पर 10 परीक्षा केंद्रों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट कृषि शस्य विज्ञान का प्रश्नपत्र लीक हो जाने के कारण माध्यमिक शिक्षा परिषद ने निरस्त कर 12 मार्च को परीक्षा कराने का निर्णय लिया था लेकिन अब इसे बदलकर 10 मार्च कराया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापकों को सूचना दे दी गई है।
3338 ने छोड़ी परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को दोनो पालियों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 3338 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में हाईस्कूल में कंप्यूटर की परीक्षा में पंजीकृत 2189 में 79 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र और अन्य विषयों में पंजीकृत 21451 में 2602 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र, तर्कशास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र और कृषि रसायन विज्ञान में पंजीकृत 4956 परीक्षार्थियों में 657 ने परीक्षा छोड़ दी।
आज की परीक्षाएं
सुबह की पाली : हाईस्कूल संस्कृत केवल प्रश्नपत्र
इंटरमीडिएट उर्दू प्रथम प्रश्नपत्र
दूसरी पाली : इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान, व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार द्वितीय प्रश्नपत्र