रामगति (इनसेट में) की हत्या के बाद बिलखते घरवाले।
- फोटो : Amar Ujala
सिकरीगंज में दोहरे हत्याकांड से रविवार को इलाके में सनसनी फैल गई। शिवपुर गांव में एक नाविक की गला काटकर हत्या कर दी गई, इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हत्यारोपी को पीटकर अधमरा कर दिया, जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई। हत्यारोपी की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स भेजा गया और दोनों पक्ष की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले को शांत कराया गया।
घटना की शुरुआत रविवार की सुबह नौ बजे हुई। नाविक रामगति निषाद (50) की प्रेम विवाह का बदला लेने के लिए हत्या कर दी गई। आरोपी लालबचन के नातिन से नाविक के बेटे ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था, तभी से उसके मन में बदले की भावना थी। रविवार को रामगति रोज की तरह सुबह नदी तट पर गया था और किनारे पर बैठकर यात्रियों के आने का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि तभी लालबचन फरसा लेकर आया और रामगति के गर्दन पर वार कर दिया। हमला इतना तेज किया गया कि उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई।
रामगति के मौत की खबर आम होते ही ग्रामीण लालबचन की तलाश करने लगे। कुछ ग्रामीणों ने लालबचन के नदी तैरकर फरार होने की बात बताई। नदी पार पहुंचे ग्रामीणों ने लालबचन को खोज लिया और उसकी जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया। मारपीट की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने लालबचन को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत बताया।
पहले भी दी थी धमकी
हरपुर बुदहट निवासी रामगति निषाद शिवपुर गांव में नेवासे पर रहते थे। उसके तीन बेटों में से बड़े बेटे रामकिशुन का गांव की ही वंदना से प्रेम संबंध था और करीब सात साल पहले घर से भागकर उसने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद वह रिश्तेदारी के गांव बलुआ में पत्नी के साथ रहकर डीजे का संचालन करता है। इसी घटना के बाद से लालबचन आहत था और कई बार रामगति को धमकी भी दे चुका था। इसकी शिकायत थाने पर भी की गई थी लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। जिसकी परिणति रविवार को दो हत्याओं के रूप में सामने आई।
रामगति की हत्या के मामले में लालवचन समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। इसी बीच एक बजे पुलिस को सूचना मिली की लालवचन को ग्रामीणों ने पीटकर अधमरा कर दिया है। इलाज की कोशिश के बीच डॉक्टरों ने लालवचन को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। -सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी