अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
बिहार के छपरा जिले के कुख्यात अपराधी महेश राय को मंगलवार गोरखपुर एसटीएफ ने रेलवे बैलिया कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। उसपर बिहार के डीजीपी की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम है। महेश डबल मर्डर सहित कई बमकांडों में वांछित था। उसके ऊपर लूट, हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं।
छपरा के औतारपुर के रामगढ़ा निवासी महेश राय के रेलवे बौलिया कॉलोनी में छिपे होने की सूचना गोरखपुर एसटीएफ को मिली। इसी आधार पर एसटीएफ की दस सदस्यीय टीम ने छापेमारी की और शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ के मुताबिक महेश राय रेलवे में नौकरी करने वाले एक संबंधी के घर छिपा था। अब जरूरी औपचारिकता पूरी करने के बाद महेश को बिहार पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। बताते चलें कि महेश राय का बड़ा भाई राकेश राय भी अपराधी था, जिसका बिहार पुलिस ने एनकाउंटर किया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर संतोष सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, भानू सिंह, महेंद्र सिंह, अभिमीत तिवारी, यशवंत सिंह, संतोष सिंह, पुनीत सिंह, इंद्रप्रताप सिंह और कमांडो लाल सिंह यादव शामिल रहे।