कैंपियरगंज के करमैनी गांव के पास सोमवार की सुबह युवक को बचाने में श्रद्धालुओं से भरी ट्राली पलट गई। हादसे में 20 लोग घायल हो गए जिसमें आठ की हालत गंभीर है।
पनियरा, नकटहा के तरकुलहिया गांव के लोग सोमवार की सुबह ट्रैक्टर ट्राली से कैंपियरगंज के रामचौरा स्थित गौरी शंकर मंदिर में दर्शन कर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस आ रहे थे। सुबह 10 बजे गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर करमैनी गांव के सामने सड़क पार कर रहे युवक को बचाने की कोशिश में ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नकटहा, तरकुलहिया की सुमन (22), प्रमिला (18), गुड्डन (16), संजू (16), रज्जू (18), फूला (15), मुनीता (25), रुक्मिणी (19), कृष्ण प्रताप (18), मुकुल (10), वंदना (16), सुभावती (40), नेहा (11), सरोज (9), सर्वजीत (8), सुनीता (20), आकाश (12), अर्चना (10) और निखिल (12) सहित बीस लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रुप से घायल सुमन, फूला, रुक्मिणी, कृष्ण प्रताप, सरोज, सर्वजीत, सुनीता, आकाश और अर्चना को डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।