गोरखपुर।
पूर्व मेयर अंजू चौधरी का पर्स छीनकर भाग रहे उचक्के को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि उसके दो साथी भाग निकले। पुलिस ने नाली के पास फेंका गया पर्स बरामद कर लिया है। उसमें तीन हजार रुपये, सोने की चेन व अंगूठी थी। पुलिस फरार दो अन्य उचक्कों की तलाश कर रही है।
पूर्व मेयर अंजू चौधरी अपने बेटे अरविंद विक्रम चौधरी के साथ कार से घर लौट रही थीं। बलदेव प्लाजा के सामने कार से उतरकर बेटा किसी काम से अंदर चला गया, जबकि चालक सतीश कार के पास ही खड़ा था। अंदर पूर्व मेयर बैठी थीं। इसी दौरान एक युवक वहां आया और कार का गेट खोलकर उसने कहा आपका पैसा नीचे गिरा है। अंजू चौधरी उचक्के के बताए स्थान की ओर देखने लगीं, इस बीच उसका साथी दूसरी तरफ से कार का गेट खोलकर सीट पर रखा पर्स लेकर भागने लगा। पूर्व मेयर के शोर मचाने पर ड्राइवर सतीश, बेटा अरविंद और अन्य लोगों ने दौड़ाकर उचक्के को पकड़ लिया। इसके बाद पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले किया। अरविंद विक्रम चौधरी ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी। उचक्के से पुलिस पूछताछ कर रही है। वह बंगलूरू का रहने वाला चरन दास है।
महिला को झांसा देकर नगदी और जेवरात उड़ाए
गोरखपुर। गोलघर स्थित काली मंदिर के पास कार सवार महिला को झांसा देकर उचक्के 50 हजार रुपये नगद और जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात पास की एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस उचक्कों की तलाश कर रही है।
मंगलवार को गोलघर निवासी अमन गुप्ता पत्नी अनुपमा के साथ लखनऊ जा रहे थे। अनुपमा ने अपने पर्स में नगदी और जेवरात रखे थे। काली मंदिर के पास अमन कार की स्टेपनी ठीक करा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक कार के पास पहुंचे। इनमें से एक उचक्का अनुपमा के पास पहुंचा। उसने उनसे कहा कि आप के रुपये गिर गए हैं। वह दरवाजा खोलकर बाहर निकली ही थीं कि इसी दौरान दूसरे उचक्के ने पीछे से उनका पर्स उड़ा दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पांच से छह लोगों को घटना में शामिल बता रही है। महिला ने थाने मेें तहरीर दी है।