धर्म परिवर्तन की सूचना पर हंगामा, पहुंची पुलिस।
- फोटो : amar ujala
भटहट/सरहरी (गोरखपुर)। गुलरिहा के रद्युनाथपुर गांव के भगवानपुर टोला में रविवार की सुबह धर्म परिवर्तन की सूचना पर हंगामा मच गया। विवाद के बीच बड़ी संख्या में मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। हिंदू को ईसाई बनाए जाने की खबर पाते ही हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक
अध्यक्ष कपिल पति त्रिपाठी, सुधीर सिंह, भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा भी पहुंच गए। एसपी नार्थ के कार्रवाई करने के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने जय विजय की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ किसी धर्म के प्रति विद्वेष फैलाने, विशेष पूजा पद्धति को अपनाकर बीमारी ठीक करने, चमत्कारी उपचार अधिनियम की धाराओेें में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रद्युनाथपुर गांव के अनिल कुमार के घर तीन साल से ईसा के विचार पर कार्यक्रम का आयोजन होता है। रविवार को आसपास के गांवों के लोग को धार्मिक विचार के आदान-प्रदान के नाम पर बुलाया गया था। सुबह कुछ लोगों ने हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा के नेताओं को धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना दी। कुछ देर में नेताओं के साथ आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए । पूछताछ में ईसा के विचार पर कार्यक्रम की बात सामने आई तो हंगामा शुरू हो गया।
बवाल बढ़ने की खबर पाते ही एसपी नार्थ रोहित सिंह भी मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत कराया। मामले में अनिल के अलावा प्रद्युमन, प्रदीप कुमार पुत्र रामप्रीत, मोनू पुत्र पंचम निवासी ग्राम पाली थाना सहजनवां, दीपक कुमार पुत्र रामजियावन निवासी थाना क्षेत्र पनियरा जिला महाराजगंज को गिरफ्तार किया। एसपी नार्थ ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।