खजनी (गोरखपुर)। खजनी क्षेत्र के भीटी खोरिया में शनिवार देर रात एक युवक के घर पर चढ़कर मारपीट और हवाई फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद कर एक युवक को हिरासत में लिया है।
शनिवार दोपहर भीटी खोरिया निवासी गोलू निषाद ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने जा रहा था। ट्रैक्टर की चपेट में गांव के ही साइकिल सवार धनंजय निषाद आ गए। इसी बात पर दोनों में गाली गलौज हुई। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामले को शांत करा दिया। रात करीब दस बजे गोलू अपने 5-6 साथियों के साथ धनंजय के घर पहुंचा और उन्हें मारने पीटने लगा। इस बीच पड़ोसी जुट गए। विरोध करने पर गोलू व उसके साथियों ने दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।
पुलिस ने धनंजय की तहरीर पर गोलू, विनोद, अंगद, सोनू सहित छह युवकों पर बलवा और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर एक युवक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में सीओ खजनी रचना मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।