पिपराइच इलाके के भिसवा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक के चपेट में आने से छात्र समेत दो की मौत हो गई, जबकि घायल एक महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ट्रक लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने चिउटहा पुल के पास पकड़ लिया। ड्राइवर की जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मंगलवार की दोपहर में भिसवा गांव के राघव हरिजन (50) पुत्र रजई, बिकेश शर्मा (14) पुत्र दिनेश शर्मा तथा योगेंद्र की पत्नी सुनीता देवी (35) सड़क के किनारे पेड़ की छांव में बैठकर आराम कर रहे थे। इसी बीच भटहट से मोतीराम अड्डा जा रहे अनियंत्रित ट्रक के चपेट में तीनों आ गए। राघव और बिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। राघव रिक्शा चलाकर जीवन-यापन करता था, जबकि बिकेश डीडी इंटर कॉलेज में 9वीं का छात्र है। सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रक लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर चिउटहां चौराहे के पास पकड़ लिया। ग्रामीणों ने चालक की जमकर धुनाई कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक चालक नशे में धुत था। पुलिस ने चालक प्रेमशंकर को हिरासत में लेने के साथ ही ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। गंभीर रूप से घायल सुनीता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।