एक और आरोपी ने कोर्ट में समर्पण किया
मजदूरी मांगने पर हुई थी हत्या, केस वापसी के लिए धमकी देने का भी केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बेलीपार के चेरिया गांव में मजदूरी मांगने पर मजदूर कमलेश की हत्या के मामले का एक और आरोपी शैलेंद्र बुधवार को कोर्ट में हाजिर हो गया। उधर, पिता ने गांव के ही योगेंद्र यादव के खिलाफ केस वापसी के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने धमकी देने का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार को कमलेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में संतराज यादव, राम संत यादव, रूपेश, वीरू, शैलेंद्र समेत छह लोगों पर हत्या और उसकी साजिश रचने का केस दर्ज किया था। राम संत यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी रूपेश ने मंगलवार को समर्पण कर दिया था। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच एसएसपी ने फरार आरोपियों पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने गांव में बदमाशों के नाम की घोषणा भी की थी। दबाव बढ़ने पर शैलेंद्र ने कोर्ट में समर्पण कर दिया।