गीडा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज आईटीएम के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र उत्कर्ष सिंह ने मंगलवार को कॉलेज की छत से छलांग लगा दी। इससे कैंपस में अफरातफरी मच गई। आननफानन में उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसी बीच कॉलेज की सूचना पर पहुंचे घरवाले उत्कर्ष को लेकर नर्सिंग होम लेकर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुलरिहा के रामपुर गांव निवासी श्याम नारायण सिंह का बेटा उत्कर्ष सिंह आईटीएम गीडा से बीटेक कर रहा है। मंगलवार की सुबह वह कॉलेज गया था। दस बजे के करीब अचानक वह छत से नीचे गिर गया। साथी छात्रों का कहना है कि उसने छत से छलांग लगा दी। वह घरेलू कारणों से कुछ परेशान लग रहा था। कुछ दिन पहले ही उसकी मां का निधन हुआ था। वह अक्सर कहा करता था मुझे मां के पास जाना है, मैं अपनी जिंदगी खत्म कर लूंगा। हालांकि इसकी असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सहजनवां के इंस्पेक्टर सौरभ राय से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि छात्र के गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। जांच चल रही है।
छात्र के छत से गिरने की सूचना पर कॉलेज के टीचर और स्टाफ मौके पर गए थे। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही घरवालों को सूचना दी गई। वह मां की मौत से परेशान लग रहा था।
- अनुज अग्रवाल, ज्वाइंट सेकेट्री, आईटीएम, गीडा