कुशीनगर। तरयासुजान थाना क्षेत्र के मठिया श्रीराम गांव में बीते रविवार को जमीन संबंधी विवाद में चली गोली के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बिहार प्रांत से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एएसपी ने तरयासुजान थाने पहुंचकर पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही मठिया श्रीराम गांव का दौरा किया। उन्होंने गांव के लोगों से वर्तमान हालात की जानकारी लेने के साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
मठिया श्रीराम गांव में विवाद के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने गांव की महिला प्रधान समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए उसी दिन से छापेमारी की जा रही है। मंगलवार को इस मामले के आरोपी भोलू तिवारी को बिहार प्रांत के कुचायकोट थानाक्षेत्र के भठवा मोड़ से गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी के गिरफ्तार होने की सूचना पर एएसपी हरि गोविंद थाने पहुंचे और आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद एएसपी ने गांव का दौरा करके पीड़ित परिवार के अलावा अन्य लोगों से भी वर्तमान माहौल की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से धैर्य और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। गांव में अब तक तैनात पुलिस एवं पीएससी के जवानों को भी एएसपी ने जरूरी निर्देश दिया। एसओ सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की कोशिश की जाएगी।