गोरखपुर। पशु तस्कर गोरखपुर रेंज के 33 थानाक्षेत्रों में सक्रिय हैं। आवागमन के 17 रास्ते चिन्हित होने के बाद भी क्षेत्र के थानेदार इसे रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
50 दिन तक चले अभियान में थानेदारों के दिलचस्पी न लेने पर डीआईजी ने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पुलिस कप्तान को पत्र लिख चिन्हित रास्तों पर बैरियर लगाकर रात में सघन चेकिंग कराने का निर्देश दिया है। क्रास चेकिंग में गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने थानेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीआईजी ने दिसंबर 2015 से जनवरी 2016 के बीच चले 50 दिन के अभियान में कोई प्रभावी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने नए सिरे से अभियान को शुरू कर खुद पुलिस कप्तान से इसकी निगरानी करने को कहा है।
डीआईजी ने रेंज के 33 थानाक्षेत्र में स्थित पशु तस्करी के चिन्हित रास्तों की सूची एसएसपी/ एसपी के साथ ही रेंज के सभी थानेदारों को भेजी है। पशु तस्कर गोरखपुर के सात, देवरिया के 11, कुशीनगर के 10 और महराजगंज के छह थानाक्षेत्रों के रास्ते का इस्तेमाल कर सीवान, नेपाल, मऊ, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर पहुंचते हैं। थानेदारों की सक्रियता और उनकी भूमिका की निगरानी के लिए रेंज स्तर पर टीम गठित हुई है।
इन थानाक्षेत्रों से गुजरते हैं तस्कर
गोरखपुर - गोला, बड़हलगंज, गगहा, खजनी, बेलीपार, सहजनवां, चिलुआताल
देवरिया - बरहज, मईल, लार, कोतवाली, गौरी बाजार, तरकुलवा, बघौचघाट, सलेमपुर, खुखुंदू, भाटपारररानी, बनकटा
कुशीनगर- नेबुआ नौरंगिया, कोतवाली पड़रौना, खड्डा, तरयासुजान, पटहेरवा, विशुनपुरा, हाटा, बरवापट्टी व बहादुर, समुई पुलिस चौकी
महराजगंज - कोल्हुई, बृजमनगंज, घुघली, श्यामदेउरवां, कोठीभार, फरेंदा
पशु तस्करी के रूट
सहजनवां - बड़हलगंज मार्ग
सहजनवां - कुशीनगर फोरलेन
बड़हलगंज - पटना मार्ग
कपरवार घाट - बरहज बाजार मार्ग
मईल, लार होते हुए मेहरौना घाट मार्ग
देवरिया कोतवाली सदर से करौंदी मार्ग
बघौचघाट से पकहाघाट मार्ग
बनकटा से रामपुर बुजुर्ग मार्ग
कुशीनगर में मुख्य नेशनल हाईवे
खड्डा - नेबुआ नौरंगिया होते हुए मंशा छापर मार्ग
टेकुआटार - खैरटरवा मार्ग
पटहेरवा के पिपरा से होते हुए समऊर बाजार मार्ग
गंगुआ, मठिया के ग्रामीण इलाके की सड़क
कोठीभार सबया ढा़ला होते हुए कप्तानगंज मार्ग
घुघली के सबया ढाला से होते हुए रामगढ़वा मार्ग
बृजमनगंज - सिद्धार्थनगर मार्ग
कोल्हुई - सिद्धार्थनगर मार्ग
र्डीआईजी का कोट
पशु तस्करी में इस्तेमाल होने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग कराने का निर्देश रेंज के सभी पुलिस कप्तान को दिया है। रेंज स्तर से इसकी नियमित निगरानी होगी। पशु तस्करी में अगर पुलिसकर्मियों की संलिप्तता मिली तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- शिवसागर सिंह, डीआईजी रेंज