गोरखपुर। सदर तहसील पर मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में पहुंचीं तिवारीपुर थानाक्षेत्र की अंधियारीबाग निवासी पुष्पांजलि राय ने एक महिला पुलिस अफसर पर गंभीर आरोप लगाए। बताया कि उनके पति गोलू राय को महिला पुलिस अफसर ने अपने मोहजाल में फंसाकर गैरकानूनी तरीके से शादी कर ली है।
पुष्पांजलि के मुताबिक शादी के बाद से ही गोलू दहेज के लिए अपने परिवार वालों के साथ उसे प्रताड़ित करता था। उन्होंने महिला थाने में सास, ससुर और पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की।
आरोप लगाया कि महिला पुलिस अफसर विवेचना को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में मामले की जांच किसी बड़े अधिकारी को दिया जाना चाहिए। पुष्पांजलि के मुताबिक पहली शादी का तलाक नहीं हुआ, फिर गोलू ने महिला पुलिस अफसर से शादी कर ली है। यह कानूनन गलत है।
पहले भी सुर्खियों में आया था गोलू
कुछ महीने पहले जब महिला पुलिस अफसर गोरखपुर में तैनात थीं, तब भी गोलू राय चर्चा में आया था। गुलरिहा थाने में तैनात एक दरोगा ने गोलू पर मारपीट का केस दर्ज कराया था। आरोप था कि महिला पुलिस अफसर के साथ रहने के दौरान ही प्राइवेट गाड़ी खराब हो गई थी। तब महिला अफसर ने एक दरोगा को बुलाया था, गोलू भी साथ में मौजूद था। कुछ दिक्कत हुई तो गोलू ने दरोगा को गाली दी। साथ ही हाथापाई भी की थी।