गोरखपुर। गृहकलह के चलते दंपती ने खुदकुशी कर ली। सोमवार की देर शाम को दोनों ने आपस में झगड़ा किया। फिर दोनों ने जहर खा लिया। मंगलवार को दोनों ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। उसके बाद घर में कोहराम मच गया। दोनों के छह बच्चे हैं, जिसमें पांच बेटियां हैं। घटना हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के दरघाट गांव की है।
दरघाट निवासी शंकर पासवान के चार बेटों में पन्ने पासवान (40) दूसरे नंबर पर थे। वह हरपुर बाजार में सब्जी बेचते थे। अन्य भाइयों से वह अलग पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक सोमवार की देर शाम वह घर पहुंचे थे। किसी बात पर पत्नी फूला देवी (35) से विवाद हो गया। दोनों ने आवेश में आकर घर में रखा जहर खा लिया।
कुछ देर के बाद उनकी तबियत बिगड़ने लगी तो बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। फिर अन्य भाई पहुंचे और दोनों को स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां ले गए। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई।