50 लाख की विदेशी काली मिर्च बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। स्थानीय पुलिस ने मंगलवार की रात मुखबीर की सूचना पर सबया जंगल के करीब मदनपुर भेड़ियारी इलाके में नदी उस पार से दो नाव में आ रही 50 लाख रुपये मूल्य की 120 बोरी काली मिर्च बरामद किया है।
थानाध्यक्ष हरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली की नेपाल राष्ट्र से नदी के रास्ते दो नावों पर तस्करी करके काली मिर्च की खेप मदनपुर भेड़ियारी इलाके में लाई जा रही है। जहां से इसे बाजार में खुदरा कारोबारियों के यहां सप्लाई की जाएगी। समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस ने नाव को चारों तरफ से घेर लिया। इस बीच तस्कर नदी में छलांग लगाकर जंगल की तरफ भागने में सफल रहे। पकड़ी गई नाव पर 120 बोरी में भरी 60 क्विंटल काली मिर्च बरामद हुई। बरामद काली मिर्च की कीमत लगभग 50 लाख बताई जा रही है। नेपाल में काली मिर्च की कीमत भारत के मुकाबले कम है। इस वजह से तस्करी हो रही है।