गोरखपुर।
बीआरडी कांड में आरोपी पूर्व प्रिंसिपल डॉ. राजीव मिश्र और डॉ. पूर्णिमा शुक्ला की जेल प्रशासन ने शनिवार को आपस में मुलाकात कराई। मुलाकात ग्राउंड में दोनों एक घंटे से अधिक साथ रहे और विभिन्न मुद्दों पर गुफ्तगू की।
डॉक्टर दंपती ने जेल प्रशासन से आपस में मुलाकात की अर्जी दे रखी थी। महिला बैरक से मुलाकात ग्राउंड पर पहुंची डॉक्टर पूर्णिमा शुक्ला पति डॉ. राजीव मिश्र को बातचीत के दौरान भरोसा दिलाती रहीं। करीब बीस दिन से जेल में बंद डॉक्टर दंपती जमानत को लेकर काफी चिंतित नजर आए, बंदी रक्षकों की मौजूदगी में कुछ देर तक साथ टहलकर भी बातचीत की। दोनों ने एक दूसरे के स्वास्थ्य, जेल की दिनचर्या पर चर्चा की। करीब एक घंटे से अधिक चली मुलाकात के बाद डॉ. राजीव मिश्र नेहरू बैरक में लौट गए। जेल अधीक्षक डॉ. रामधनी ने बताया कि शनिवार को बंदियों की आपस में मुलाकात कराई जाती है। डॉक्टर दंपती ने आपस में मुलाकात की अर्जी दी थी।