बांसगांव।
24 घंटे से लापता युवक की लाश शनिवार को सरसोपार में आमी नदी में मिली। बघौड़ा गांव निवासी जितेंद्र को बहन के ससुराल का युवक बुलाकर ले गया था। इसके बाद से ही वह लापता था। शनिवार को उसकी लाश मिली। बहन ने युवक पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानेदार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार सुबह जितेंद्र सरसोपार निवासी शिवानंद के साथ घर से गए थे। सरसोपार में ही जितेंद्र की बहन नीरजा की ससुराल है। नीरजा के मुताबिक शुक्रवार को शिवानंद उनके मायके गया था। वह जितेंद्र को बहन द्वारा बुलाए जाने की बात कहकर साथ ले गया। आरोप है कि शिवानंद जितेंद्र को साथ लेकर गांव के गुमटी टोला पहुंचा और उसकी हत्या कर शव को आमी नदी में फेंक दिया। नीरजा ने शुक्रवार शाम ही पुलिस को भाई की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाश कराई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह मछुआरों ने शव नदी से बरामद कर लिया। थानेदार प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नीरजा ने हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।