मोहद्दीपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर शुक्रवार को बेखौफ बाइक सवार बदमाश कोचिंग जा रही छात्रा का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
बिछिया सर्वोदय नगर के नरेंद्र पाल की बेटी अर्चना सेंट एंड्रयूज कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। शुक्रवार सुबह सात बजे के करीब वह विजय चौक स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकली थी। मोहद्दीपुर पुलिस चौकी के पास फोन पर बात करते हुए वह चौराहे की ओर जा रही थी कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। छात्रा के शोर मचाने पर जुटे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं छात्रा ने भाई भाजपा नेता अरुण पाल को भी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने छात्रा से तहरीर ली। इंस्पेक्टर कैंट ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि मोबाइल छीनने वालों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर फोन बरामद कर लिया जाएगा।