खोराबार (गोरखपुर)। इलाके के जंगल चंवरी महाबल टोला में शुक्रवार की भोर में विवाहिता का फंदे से लटकता शव मिला। विवाहिता ने बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देेकर ससुराल वालों पर पीटने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल कर दोनों पक्षों को समझाया था। विवाहिता की मौत के बाद उसके पिता ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुर और देवर को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोराबार के मांगापट्टी निवासी जयश्री की बेटी उषा की शादी करीब दस वर्ष पहले जंगल चंवरी निवासी दिलीप से हुई थी। दिलीप हैदराबाद में रहकर प्राइवेट काम करता है, और इस समय वहीं है। घर पर सास फूला, ससुर छांगुर, छोटा देवर सिकंदर और देवरानी सुनीता रहते हैं। वहीं बड़ा देवर सिधारी और उसकी पत्नी अलग रहते हैं। शुक्रवार की भोर करीब 4.30 बजे उषा का शव उसके कमरे के कुंडे से रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पैर फर्श को छू रहे थे। शव के पास में ही प्लास्टिक की एक बाल्टी उल्टी कर के रखी हुई थी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। ससुर छांगुर ने पुलिस को बताया कि उषा ने आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर पहुंचे उषा के पिता जयश्री ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। जयश्री के मुताबिक उनकी बेटी ने बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देेकर ससुराल वालों पर पीटने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने तहरीर में ससुर छांगुर, सास फूला, देवर सिंकदर और देवरानी सुनीता पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुर और छोटे देवर को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उषा के तीन बच्चे डब्लू, मिथुन और विष्णु हैं।
बाइक चलाने को लेकर देवर करता था मारपीट
उषा के पिता जयश्री के अनुसार उनके दामाद ने एक बाइक खरीदी है। हैदराबाद जाते समय वह बाइक घर छोड़ दिया। उसी बाइक को अक्सर उसका देवर सिकंदर चलाने को मांगता है। विरोध करने पर ससुराल वाले बेटी को पीटते थे। बृहस्पतिवार को भी इसी बात के लिए विवाद हुआ था। जिसकी तहरीर उषा ने दी थी।