- हाल जिला महिला अस्पताल का : घूस लिया, काम नहीं किया, हाथापाई भी की
- संविदा कर्मी पर तीमारदार ने लगाया आरोप
- पीड़ित ने एसआईसी से की कर्मचारी की शिकायत
गोरखपुर। जिला महिला अस्पताल में संविदा कर्मचारी पर 200 रुपये घूस लेने और इसके बाद हाथापाई करने का आरोप लगा है। एसआईसी ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है। वहीं कर्मचारी ने तीमारदार के आरोपों को गलत बताया।
मोहद्दीपुर में रहने वाले संतोष कुमार की पत्नी कुसुमलता गर्भवती हैं। मंगलवार को वह जिला महिला अस्पताल में गर्भवती का पंजीकरण प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में कराने गए थे। आरोप है कि इस दौरान संविदा कर्मी ने योजना में पंजीकरण करने के नाम पर उनसे 200 रुपये घूस ऐंठ लिए। पंजीकरण की रसीद मांगने पर कर्मचारी आनाकानी करने लगा। दबाव बनाने पर संतोष के साथ मारपीट तक की। परिसर में ही एसआईसी का नंबर देख संतोष ने फोन कर पूरी जानकारी दी। जिसपर एसआईसी ने उन्हें दफ्तर बुलाकर लिखित शिकायत ली।
एसआईसी के सामने पहुंचे दोनों पक्ष
हंगामे के बाद दोनों पक्ष एसआईसी डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव के सामने पहुंचे। कर्मचारी ने इस दौरान तीमारदार के आरोप को गलत बता घूस लेने से इंकार कर दिया। हालांकि एसआईसी ने तीमारदार की शिकायत को गंभीरता से लिया और लिखित शिकायत पर कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है।
संविदा कर्मियों की नियुक्तियां सीएमओ को माध्यम से की जाती हैं। तीमारदार के शिकायती पत्र को सीएमओ के पास भेज दिया गया है। कार्रवाई उन्हें ही करनी है।
- डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, एसआईसी
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।