बड़हलगंज (गोरखपुर)। इलाके के बैदौली खुर्द गांव में पुरानी रंजिश में शशिकांत गौड़ (28) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। शशिकांत के साथ मौजूद बड़े भाई को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। हत्यारोपियों के दूसरे समुदाय के होने की वजह से गांव में तनाव व्याप्त हो गया। एसडीएम गोला अरुण सिंह, सीओ गोला सतीश शुक्ला तीन थानों के पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर कैंप किए हैं। संभ्रात लोगों की मदद से पुलिस गांव में लोगों को शांत कराई। शशिकांत अपने भाई के साथ की गोहाटी में खोली गई दुकान में किराने का सामान बेचते थे।
बैदौली गांव में शशिकांत और मजहर अंसारी का आमने-सामने ही मकान है। दोनों के बीच रास्ते के लिए विवाद चल रहा है। 2004 दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच मारपीट भी हुई थी। सोमवार को शशिकांत अपने बड़े भाई जितेंद्र गौड़ के साथ बागीचे की रखवाली कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान मजहर पक्ष के लोग पहुंचे और हमला कर दिए।
दोनों भाइयों की पिटाई शुरू कर दी। शशिकांत के विरोध करने पर उनके सीने और सिर में चाकू से हमला कर दिया गया। शोर सुनकर गांव के लोग उस ओर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल भाइयों को अस्पताल पहुंचाया। वहां शशिकांत को मृत घोषित कर दिया गया।
गांव में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। तहरीर आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
सतीश शुक्ला, सीओ गोला
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।