गोरखपुर। खेत से मिट्टी निकलवाने के लिए किसानों से रिश्वत मांगने के आरोप में सहजनवां थाने में तैनात दरोगा अभय नारायण सिंह को रविवार की शाम निलंबित कर दिया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने कार्रवाई की है। दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
सहजनवां के मुजौली निवासी किसान राजनेत पांडेय और टिकरिया निवासी रामाश्रय छह जून को अपने खेत से निजी इस्तेमाल के लिए मिट्टी निकलवा रहे थे। आरोप है कि सहजनवां थाने पर तैनात दरोगा अभय नारायण सिंह पे किसानों को रौब और कार्रवाई करने का डर दिखाकर रकम की मांग की। उसके बाद सात जून को किसानों ने एसएसपी से मिलकर दरोगा की शिकायत की।
एसएसपी ने सीओ कैंपियरगंज रोहन प्रमोद बोत्रे से आरोपों की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाया गया। सीओ की रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया और जांच के बाद विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि प्रकरण की विभागीय जांच के बाद दोषी पाए जाने पर दरोगा के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी कराई जाएगी।