पादरी बाजार(गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के अशोक नगर दक्षिणी कॉलोनी के लोग इन दिनों चोरों के आतंक से दहशत में हैं। लोगों का भरोसा पुलिस की गश्त से उठ चुका है, इसलिए चंदा जुटाकर एक प्राइवेट सुरक्षा गार्ड को भी रखा गया है। गार्ड असलहा लेकर गश्त करता है। ग्रामीण खुद टोली बनाकर रात में पहरेदारी करते हैं।
अशोक नगर कॉलोनी में 12 मई से अब तक दस मकानों में बंधक बनाकर अथवा ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लोेगों का कहना है कि अबतक कॉलोनी के अनूप सिंह गीताप्रेस वाले के यहां तीन बार, आनंद मशरूम फर्म के विजय अग्रहरी, आरके खरे, जयशंकर श्रीवास्तव, मनीष तिवारी, दिनेश अग्रवाल, मल्ल भवन, लक्ष्मीनारायण के वहां चोरों ने घर में घुसकर कमरों में सो रहे परिजनों के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर चोरी की वारदातें हुई हैं। ये घटनाएं सीसीटीवी में भी कै द हो चुकी हैं।
इसमें से अधिकांश घटनाओं में पुलिस ने तहरीर देने के बावजूद केस तक नहीं दर्ज किया। चोरों को पककड़कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश तो दूर की बात रही। कॉलोनीवासी नगर विधायक, पिपराइच विधायक समेत तमाम पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत कर चुके हैं। कहीं से कोई सुनवाई नहीं हुई। कॉलोनी के लोग देर रात तक लाठी और डंडा लेकर खुद भी पहरेदारों का साथ दे रहे हैं। हर घर से एक व्यक्ति रात नौ बजे पहरेदारी करने निकल रहा है और देर रात दो बजे घर लौट रहा है।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।