कैंपियरगंज (गोरखपुर)। सड़क हादसे में एक शख्स की मौत के बाद उसका शव रात भर सीएचसी के बाहर पड़ा रहा। सूचना देने के बाद भी कैंपियरगंज थाने की पुलिस अस्पताल न जाकर हादसे वाली जगह की सीमा में उलझी रही। अधिकारियों के निर्देश के बाद शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे कैंपियरगंज थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
- घटनास्थल की सीमा के चक्कर में उलझी रही कैंपियरगंज थाने की पुलिस
- बृहस्पतिवार की रात फरेंदा में सड़क हादसे में अधेड़ की हो गई थी मौत
- अगले दिन अधिकारियों के निर्देश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
महराजगंज के फरेंदा के बरातगाड़ा गांव के रहने वाले अर्जुन (50) बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे सड़क पार करते समय ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें एंबुलेंस से लेकर कैंपियरगंज सीएचसी पहुंचे। वहां अर्जुन को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद भी स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा। शव पूरी रात अस्पताल के बाहर ही पड़ा रहा। परिवार के लोग शव के पास रोते रहे। पुलिस को फोन करते रहे। मगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
कैंपियरगंज पुलिस का कहना था कि हादसा फरेंदा में हुआ है, वहां की पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजेगी। वहीं फरेंदा थाने की पुलिस कैंपियरगंज की पुलिस के भरोसे बैठी रही। परिजनों ने जब अधिकारियों को फोन किया तो कैंपियरगंज पुलिस शुक्रवार की सुबह अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बारे में कैंपियरगंज के थाना प्रभारी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जानकारी के बाद भी जब फरेंदा पुलिस नहीं पहुंची तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।