मुर्गा व्यापारी के मुनीम को तमंचा सटाकर 1.92 लाख की लूट
बाइक सवार दो बदमाशों ने गगहा इलाके में की वारदात
पिकअप पर मुर्गे लादकर मुनीम और चालक जा रहे थे रकहट
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा (गोरखपुर)। करवल मझगांवा रोड पर शुक्रवार की सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने मुर्गा व्यापारी के मुनीम को तमंचा सटाकर 1.92 लाख रुपये लूट लिए। बाइक सवारों ने मुनीम और चालक का मोबाइल फोन और पिकअप की चाभी भी छीन ली। राहगीरों की मदद से मुनीम ने पुलिस को सूचना दी। सीओ बांसगांव नीतिश सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मान रही है। उधर, मुनीम ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
पिछौरा निवासी रणधीर सिंह का मझगावां बाजार में पोल्ट्री फार्म है। शुक्रवार को उनके मुनीम करवल मझगांवा निवासी सलीम और चालक मल्लू पिकअप में मुर्गे लादकर रकहट जा रहे थे। अभी वे मझगावां ताल के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा कर उन्हें रोक लिया। मुनीम ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने पहले पूछा कि क्या यह गाड़ी बाबू साहब की है। उसके बाद जान पहचान बनाई और बैग मांगने लगे। मना करने पर बदमाशों ने तमंचा सटा दिया और बैग छीन कर फरार हो गए। मुनीम के अनुसार बैग में वसूली के 1.92 लाख रुपये और कुछ कागजात थे। इस संबंध में एसपी दक्षिणी विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।