गोरखपुर। पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर बसों और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कैंट पुलिस ने रोडवेज तिराहे के पास से गिरफ्तार बदमाशों के बारे में बताया कि वे अलीगढ़, फिरोजाबाद से आकर किराए के कमरे में ठहरते थे और फिर वारदात कर फरार हो जाते थे। बदमाशों के पास से पुलिस ने सामान बेचकर रखे गए 14 हजार 200 रुपये और पांच सौ ग्राम चरस बरामद की है।
एसपी क्राइम अशोक वर्मा, सीओ प्रवीण सिंह और सीओ कैंट प्रभात राय ने पत्रकाराें को बताया कि बीते कुछ दिनों में बसों और ट्रेनों से चोरी की शिकायतें आने के बाद क्राइम ब्रांच, पुलिस की टीम बदमाशों का सुराग लगा रही थी। उसी बीच पता चला कि बाहर से कुछ लोग आते हैं और फिर धर्मशाला व होटल में ठहरकर वारदात कर फरार हो जाते हैं। इनकी कोशिश होती है कि चलती गाड़ियों में वारदात करें, ताकि यात्री बाहर चले जाएं और शिकायत भी न करें।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस इनकी तलाश में थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि रोडवेज तिराहे के पास कुछ संदिग्ध खड़े हैं। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और उनकी तलाशी ली तो उनके पास से रकम और चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र के दिनावली निवासी कमल सिंह, नगलासरताज निवासी बुद्धसेन, मंडनपुर निवासी सोहदान, फिरोजाबाद के मालवीयनगर निवासी राहुल कुमार, श्यामबाबू के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने में पांचों ने जुर्म कबूल किया।
अन्य प्रदेश भी करते चुके हैं वारदात
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब व मध्यप्रदेश भी जाकर वारदात कर चुके हैं। शहर में रुकने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन के आसपास ही कमरे की तलाश करते थे। चरस को नेपाल से सस्ते दामों में लाकर अन्य प्रदेशों में बेचा करते थे।