गोरखपुर। पुलिस लाइंस में मरम्मत के दौरान पंप एक्शन गन दगने से ट्रेनी दरोगा पुनीत तिवारी (32) घायल हो गए। गोली उनके बाएं जबड़े में लगी। खबर पाते ही एसएसपी शलभ माथुर, एसपी सिटी विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। घायल दरोगा को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पुनीत को लखनऊ रेफर कर दिया।
गोंडा के मनकापुर निवासी पुनीत तिवारी कैंट थाने में ट्रेनी दरोगा के तौर पर तैनात हैं। थाने की 12 बोर की पंप एक्शन गन खराब हो गई थी। इसे ठीक कराने के लिए बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे दरोगा पुनीत पुलिस लाइंस स्थित आरमोरर (बंदूक के रखरखाव और मरम्मत के विशेषज्ञ) के पास गए थे। बंदूक में पांच गोली लगती हैं। चार निकाल दी गईं, लेकिन एक गोली फंसी रह गई। उसी को निकालने के दौरान अचानक फायर हो गया और गोली पास खड़े दरोगा पुनीत तिवारी के जबड़े में जा धंसी। आनन-फानन में दरोगा को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पुनीत को लखनऊ रेफर कर दिया। उनके साथ पुलिस की टीम भी भेजी गई है।
एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि पंप एक्शन गन में कुछ दिक्कत आ गई थी। दरोगा पुनीत उसे ठीक कराने के लिए पुलिस लाइंस गए थे। उसमें एक गोली फंस रह गई थी। मरम्मत के दौरान ही चली गोली दरोगा के जबड़े में जा धंसी। जबड़े का ऑपरेशन गोरखपुर में संभव नहीं है। इस वजह से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। पुनीत की हालत खतरे से बाहर है।