नंदानगर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नगदी समेत सात लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। शनिवार को मालिक के घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई।
बिहार के सिवान जिले के रवींद्र मिश्र नंदानगर मे किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। छठ पर्व में वह परिवार के साथ गांव चले गए थे। घर में ताला बंद था। किसी समय चोरों ने ताला तोड़कर सभी कमरों को खंगाल दिया। शनिवार को रवींद्र जब मकान पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने नगदी समेत सात लाख रुपये के सामान चोरी होने की तहरीर दी है। एयरफोर्स चौकी की पुलिस चोरों को तलाश रही है।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के अनुसार, इलाके के ओझौली गांव में दुर्गा प्रतिमा में लगी सोने की आंख चोर शनिवार रात चुरा ले गए। सुबह पुजारी श्याम बिहारी शुक्ल को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने थाने में तहरीर दी। पुजारी ने बताया कि मंदिर में सोने के आभूषण लगे हैं। शनिवार रात मंदिर का दरवाजा बंद था। रात किसी समय चोर अंदर पहुंचे और मूर्ति में लगी सोने की आंख चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।