पिपरौली बाजार।
सहजनवां के खरैला में नर्सरी के पास सड़क किनारे झाड़ी में एक युवक अचेत हाल में मिला। उसे देख राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। जांच के बाद पुलिस युवक पर रंजिश में हमले की आशंका जता रही है।
बांसगांव के हरिहरपुर निवासी महेंद्र सिंह सहजनवां के खरैला में किराए का मकान लेकर परिवार के साथ रहते हैं। वह गीडा की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। मंगलवार शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी के पास झाड़ी में उन्हें राहगीरों ने अचेत हाल में देखा तो पुलिस को सूचना दी। महेंद्र के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर चौकी प्रभारी पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे और उनके सिर पर ईंट, डंडे से हमला कर घायल कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि रंजिश में युवक पर हमला हुआ है। महेंद्र के होश में आने पर घटना की सही जानकारी मिल पाएगी।