गोरखपुर। गगहा के डेमुसा गांव में सातवीं के छात्र राकेश की हत्या के मामले मेें पुलिस ने एक आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामधारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। भोजपुरी अभिनेता समेत पांच आरोपी फरार हैं।
गगहा के डेमुसा गांव के जमुनहिया टोला निवासी राजमिस्त्री रामसागर का बेटा राकेश पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। मृतक के बाबा रामवृक्ष के अनुसार राकेश मंगलवार की दोपहर बाजार से सामान खरीदने जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामधारी, उनके बेटे भोजपुरी फिल्म अभिनेता विशाल, उसका भाई विराट, विभ्राट, सम्राट और श्यामानंद रिवाल्वर दिखाकर पानी की टंकी के पास ले गए। आरोप है कि वहां राकेश की पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हादसे का रूप देने के लिए एक पुराने भवन की दीवार से गिराने की कोशिश की। शव को ठिकाने लगाने का भी प्रयास किया। ग्रामीणों ने देख लिया और रामधारी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। जबकि अन्य भाग गए थे। पुलिस ने सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।