गोरखपुर।
रेलवे स्टेशन आरक्षण केंद्र से एक विदेशी नागरिक का बैग उचक्कों ने गायब कर दिया। बैग में पासपोर्ट, ढाई हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। चोरी की जानकारी होते ही बुजुर्ग विदेशी नागरिक ने तुरंत ही जीआरपी को सूचना दी लेकिन जीआरपी जवान ने ध्यान ही नहीं दिया। इस पर परेशान विदेशी नागरिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद हरकत में आई कैंट पुलिस ने विदेशी नागरिक की तहरीर पर केस दर्ज किया। पुलिस केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचक्कों की तलाश कर रही है।
स्विट्जरलैंड के हमदी हार्वी इन दिनों भारत घूमने आए हैं। वाराणसी से कुशीनगर भ्रमण के बाद वह गोरखनाथ मंदिर आए थे। सोमवार की रात वह धर्मशाला स्थित रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर पहुंचे। वहां लाइन में लगकर टिकट बुक करा रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनका बैग उड़ा दिया। काउंटर पर टिकट के लिए आवेदन फार्म जमा करने के बाद जब वह रुपये देने के लिए बैग खोजने लगे तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछा मगर उनकी भाषा को कोई समझ नहीं पा रहा था। परेशान हमदी ने वहां पर मौजूद जीआरपी जवान को इसकी सूचना दी, मगर उसने भी ध्यान नहीं दिया तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद सीओ कैंट अभय मिश्रा के निर्देश पर इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी, रेलवे चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह पहुंचे और छानबीन की। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग विदेशी नागरिक का बैग कहीं छूट गया है। आरक्षण केंद्र आने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई है।