आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25 जगहों पर छापेमारी
डबल मर्डर: क्राइम ब्रांच समेत चार टीम लगाई गई, आरोपी शेरू के पिता सहित कई हिरासत में
पुलिस को महराजगंज में तैनात एक सिपाही की भी है तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर की डेयरी कालोनी में आरपीएफ बैरक के पीछे बुधवार की आधी रात हुए डबल मर्डर के आरोपियों की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच की चार टीमें बनाई गई हैं। टीमों ने अब तक 25 स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान आरोपी तो नहीं मिले, पर आरोपी शेरू के पिता सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। महराजगंज जिले के एक थाने में तैनात सिपाही भी दावत में मौजूद बताया जा रहा है। पुलिस को उसकी भी तलाश है। उसके लिए पुलिस ने महराजगंज के अफसरों से भी संपर्क किया है।
बुधवार की रात करीब 12.30 बजे आरपीएफ बैरक के पीछे शाहपुर गीता वाटिका निवासी रानू सिंह और उसके दोस्त व कुशीनगर हनुमानगंज निवासी रमेश यादव की हत्या कर दी गई थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई तो शुरुआत में हत्यारोपियों के रूप में पुलिस को शेरू यादव और मंटू यादव नामक दो भाइयों का नाम पता चला। रानू के पिता राजेश सिंह और चाचा मौके पर पहुंचे तो उन्होंने गांव की रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए शेरू, मंटू समेत 12 नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोप है कि धोखे से बुलाकर हत्या करा दी गई। उसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की।
-----
हर्ष फायरिंग में केस, घायलों की हालत स्थिर
तीनों घायल लखनऊ में भर्ती, आरोपी की तलाश में पुलिस ने दी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज/ मधुपुर। बड़हलगंज क्षेत्र के सिधुआपार गांव में बृहस्पतिवार की रात तिलक समारोह में हुई फायरिंग में घायल तीनों युवकों की हालत स्थिर है। उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं आयोजक राकेश पांडेय की पत्नी पुष्पा पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को तिहा मुहम्मदपुर निवासी सोनू ओझा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुष्पा ने तहरीर में लिखा है कि उनके पुत्र सूरज पांडेय के तिलक समारोह में डीजे पर डांस के दौरान सोनू ने मना करने के बावजूद बंदूक से फायरिंग कर दी। दूसरी ओर शादी में शामिल कुछ ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि कई लोग पिस्टल से फायरिंग कर रहे थे। शादी के विडियो से पहचान की जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। बृहस्पतिवार की रात सिधुआपार गांव में सूरज पांडेय के तिलक समारोह में फायरिंग में सिधुआपार निवासी गोलू गौड़, गरथौली निवासी गोविंद और बेइली निवासी इरफान घायल हो गए। गोलू और गोविंद के सिर में तो इरफान के पैर में गोली लगी है। सीओ सतीश शुक्ला ने बताया कि पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्दी ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।
---------------------------
बुजुर्ग की हत्या में तीन पर केस, एक हिरासत में
भूमि विवाद में बृहस्पतिवार को हुई थी हत्या, गांव में पीएसी तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज। भूमि विवाद में बुजुर्ग मुखई यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को उनके बेटे प्रमोद यादव की तहरीर पर पटनाघाट गांव के फूलचंद गुप्ता, उसके बेटे अजय और बहू गीता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी तैनात रही।
बृहस्पतिवार की शाम 15 डिसमिल भूमि के विवाद में पौरहिया गांव के पूर्व प्रधान श्रीपत यादव के भाई मुखई की पटनाघाट गांव में पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चौकी को फूंकने की कोशिश की। साथ ही आरोपी के झोपड़ी में आग लगाने के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उसके बाद किसी तरह पुलिस ने लोगों को समझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।