गोरखपुर। चौरीचौरा के सोनबरसा बाजार इलाके में चोरों ने इस बार सीमेंट के गोदाम को निशाना बनाया है। रविवार की रात चोरों ने गोदाम से सीमेंट भरी 100 बोरियां उड़ा लीं।
सरदारनगर प्रतिनिधि के मुताबिक सोनबरसा में बंद पड़े सिनेमा हाल के पास रात चोरों ने पन्नेलाल गुप्त के गोदाम के शटर का ताला तोड़कर सीमेंट भरी बोरियां चुराईं। सीमेंट की कीमत 40 हजार रुपये बताई जा रही थी। चार दिन पहले इसी इलाके के रामपुर बुजुर्ग चौराहे की दो दुकानों में चोरी हुई थी। पुलिस अब तक चोरों को नहीं पकड़ सकी। चोरी की बढ़ती घटनाआें से व्यापारियों की नींद उड़ रही है। व्यापारियों का मानना है कि रात में पुलिस की ओर से गश्त में बरती जा रही लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
पिपराइच प्रतिनिधि के मुताबिक महुअवां खुर्द में कृष्ण कुमार गुप्ता की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और कई सामान चुरा ले गए। मटिहनियां सोमाली निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता की महुअवां भरपुरवा चौराहे पर शृंगार के सामान की दुकान है। वह रविवार को दुकान बंद कर चले गए। सोमवार की सुबह जब पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई।