पीपीगंज। क्षेत्र के जंगल कौड़िया के कोईरीपुरवा में मंदिर पर शुक्रवार को कीर्तन के दौरान हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने स्थानीय निवासी रामप्रीत की तहरीर पर आरोपी डिस्को तिवारी सहित पांच नामजद और 12 अज्ञात पर बलवा, हत्या के प्रयास सहित एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। मामले की विवेचना सीओ कैंपियरगंज ने शुरू कर दी है।
रामप्रीत ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात उनका पुत्र संतोष और मामा के बेटे संकल्प गोरखपुर से लौट कर घर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही दोनों मंदिर के गेट पर पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग की और तमंचे के बट से मार कर सिर फोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धीरेंद्र मोहन तिवारी उर्फ डिस्को तिवारी, वीरेंद्र मोहन तिवारी, अभिषेक तिवारी, अरविंद तिवारी उर्फ भोलू , वैभव तिवारी, अंशुमान पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय समेत बारह अज्ञात पर बलवा, हत्या के प्रयास, एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।