पीपीगंज (गोरखपुर)। चिलुआताल के सिक्टौर चौराहे की दुकान से शुक्रवार को पानी की बोतल खरीदने गए प्रशिक्षु दरोगा को सिक्का न लेना भारी पड़ गया। पहले दरोगा ने दुकानदार को थप्पड़ मारा। फिर दुकानदार और लोगों ने दरोगा की पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलते ही दो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह लोगों को शांत कराया गया। उसी बीच मौका देखकर दरोगा मौके से खिसक गए।
सिक्टौर चौराहे पर रवि जायसवाल का जनरल स्टोर है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के करीब तिवारीपुर थाने में तैनात प्रशिक्षु दरोगा अभिजीत कुमार जनरल स्टोर से पानी की बोतल लेने पहुंचे। एक बोतल पानी लिया और 50 रुपये का नोट दिया। दुकानदार ने 20 रुपये लेने के साथ ही 10-10 रुपये के तीन सिक्के दरोगा को वापस कर दिए। इसका दरोगा ने विरोध किया।
दरोगा ने कहा कि नोट दिया था, नोट ही लेंगे। सिक्का चलाने में दिक्कत आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकानदार ने नोट न होने की बात कही तो दरोगा नाराज हो गए और दुकानदार को थप्पड़ मार दिया। इसका दुकानदार ने विरोध किया। दोनों में बहस होने लगी। उसी बीच आसपास के दुकानदार आ गए और सबने मिलकर दरोगा की पिटाई कर दी।
यह सूचना पुलिस को मिली तो दोे थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। दरोगा और दुकानदार को समझाकर शांत कराया गया। दरोगा की तैनाती कुछ समय पहले पीपीगंज में थी। वह अक्सर पीपीगंज आते-जाते हैं। पीपीगंज पुलिस का कहना है कि प्रशिक्षु दरोगा और दुकानदारों के बीच कहासुनी हुई थी। मामला शांत करा दिया गया।