गोरखपुर। खोराबार पुलिस ने सहारा इस्टेट के पास चेकिंग के दौरान मोबाइल फोन लूट करने के आरोप में दो बदमाशों को पकड़ा। पुलिस को चकमा देकर उनका एक साथी फरार हो गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि फरार आदित्य जायसवाल ने आईपीएल के दौरान सट्टा लगाने की ऐसी लत लगा दी थी कि उसकी वजह से वे जुर्म करने लगे। दोनों ने कैंट, खोराबार में कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
इंस्पेक्टर खोराबार सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर से लुटेरे के आने की सूचना पर पुलिस टीम सहारा इस्टेट के पास चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर पीछे बैठे दो युवकों को पकड़ लिया, लेकिन चालक स्कूटी लेकर भागने में सफल रहा।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान खोराबार इलाके के कजाकपुर निवासी आयुष दूबे और भुवनेश्वर शाही के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से लूट के दो मोबाइल फोन बरामद हो गए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में इंस्पेक्टर के साथ प्रेमचंद यादव, अशोक कुमार यादव, दीपक कुमार सिंह, राम मोहन दूबे, ओमप्रकाश शामिल थे।