गोरखपुर। मदद की गुहार लेकर थाने पहुंची एक युवती को भरोसे में लेकर वहां तैनात इंस्पेक्टर ने पहले रिश्ता बनाया, फिर अपहरण करके जबरदस्ती निकाह कर लिया। युवती का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने अश्लील वीडियो बनाकर प्रताड़ित किया। पुलिस से मामले की शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने अब मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से मदद की गुहार लगाई है।
रविवार को गोरखनाथ मंदिर स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पहुंची संतकबीरनगर की युवती ने समस्या समाधान अधिकारी मोतीलाल सिंह को बताया कि कुछ परेशानियों के चलते वह महिला थाने गई थी लेकिन वहां पुरुष इंस्पेक्टर मिले। इंस्पेक्टर ने मदद का भरोसा दिलाया और मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद अक्सर फोन करके तंग करने लगे। जब फोन उठाना बंद कर दिया तो उसने अपहरण करके रेप किया।
साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया। युवती का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने परिवार को बर्बाद करने की धमकी देकर बस्ती में 9 अप्रैल को उसके साथ निकाह किया और फिर प्रताड़ित करने लगा। महराजगंज का रहने वाला आरोपी इंस्पेक्टर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। शादीशुदा होने की बात उसने छुपायी थी। इंस्पेक्टर की धमकियों से परेशान होकर बस्ती के गांधीनगर थाने में 13 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई है। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इंस्पेक्टर इस समय श्रावस्ती में तैनात है। मोतीलाल सिंह ने युवती को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।