गोला (गोरखपुर)। गोला के पड़ौली उर्फ बरईपुरा गांव में शनिवार की सुबह घरेलू गैस सिलिंडर में आग लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। वह घर में अकेली थीं। खाना बनाने के दौरान गैस पाइप लीक होने से हादसा हुआ। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने किसी तरह से दरवाजा तोड़ा और आग पर काबू पाया। कनक को लेकर अस्पताल भी गए, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में जान गंवाने वाली कनक (23) की मां चंद्रमुखी एक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। भाई कुलदीप मिश्रा और बहन निधि निजी विद्यालय में पढ़ाते हैं। शनिवार की सुबह तीनों ही घर से बाहर थे। उसी दौरान कनक घर का दरवाजा बंद कर अंदर खाना बना रही थीं। गैस पाइप लीक होने की वजह से आग लग गई। थोड़ी देर बाद घर के अंदर से धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों की नजर पड़ी। दरवाजा खुलवाने की कोशिश हुई, लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई। लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया और देखा कि किचन से आग की लपटें बाहर आ रही हैं। हादसे में कनक के शरीर का ज्यादातर हिस्सा जल गया था।
परास्नातक कर नौकरी की तलाश मेें थी
कनक परास्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। पिछले कुछ दिनों से नौकरी की तलाश में थीं। कनक मेधावी थीं। वह आसपास के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। उनकी मौत से मां चंद्रमुखी सदमे हैं। रो-रोक हालत खराब है। घर में भी चीख पुकार मची है।
25 लाख का हर्जाना पा सकते हैं उपभोक्ता
गोरखपुर। रसोई गैस सिलिंडर कनेक्शन लेने के साथ ही उपभोक्ता का इंश्योरेंस होता है। जिस गैस एजेंसी से कनेक्शन होता है, वही 25 लाख रुपये का इंश्योरेंस कराती है। हादसा होने के बाद इंश्योरेंस क्लेम पाने के लिए एजेंसी पर इसकी सूचना देनी होती है। एजेंसी की ओर से इंश्योरेंस कंपनी को सूचना दी जाती है और फिर जांच के बाद नुकसान की रकम दी जाती है। उसके लिए कुछ बातों का ध्यान देना होता है। कई बार उपभोक्ता की लापरवाही या फिर जानकारी न होने के अभाव में वह इंश्योरेंस का फायदा नहीं ले पाते हैं।
इन बातों का दें ध्यान
इश्योरेंस पाने के लिए हर दो साल पर चूल्हे, गैस की चेकिंग करानी होती है
चेकिंग के लिए एजेंसी पर 150 रुपये जमा करने होते है
हरा, सफेद रंग के गैस पाइप का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए
चूल्हा, गैस सिलिंडर से ऊपर रखना चाहिए
रात में गैस सिलिंडर का रेगुलेटर बंद करना चाहिए
यहां करें शिकायत
गैस सिलिंडर से संबंधित कोई भी शिकायत उपभोक्ता जिलापूर्ति कार्यालय और इंडियन ऑयल के शिकायती नंबर 18002333555 पर कर सकते हैं।