गोरखपुर। कोतवाली इलाके के हजारीपुर मोहल्ले में मंगलवार को स्वर्ण व्यापारी के पत्नी नीलम की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। विवाहिता के मौत पर पहुंचे मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने व्यापारी पति समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
माया बाजार निवासी स्वर्गीय राजकुमार गुप्ता की बेटी नीलम की शादी वर्ष 2007 में हजारीपुर निवासी अनुपम कुशवाहा के साथ हुई। अनुपम की घंटाघर में स्वर्णाभूषणों की दुकान है। वह तीन साल से हजारीपुर के पैतृक मकान और परिवार से अलग किराए के फ्लैट में पत्नी और दो बेटों कान्हा (9) और कृतज्ञ (7) के साथ रह रहे थे। सुबह दोनों बच्चे स्कूल चले गए। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के कारण दुकान बंद थी और अनुपम घर पर ही थे। उनके अनुसार नीलम की सुबह 10:30 बजे अचानक तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। मौत की खबर नीलम के भाई शुभम ने आरोप लगाया कि अनुपम के विवाहेतर संबंध को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद हुआ करता था। उनका आरोप है कि बच्चों के स्कूल जाने के बाद उनमें विवाद हुआ और अनुपम ने नीलम की हत्या कर दी। सूचना पर आई पुलिस अनुपम और दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बेटों से भी की पूछताछ
अनुपम के दोनों बेटे घटना के समय स्कूल में थे। मां के मौत पर उन्हें लाया गया। पुलिस ने बेटों से भी पूछताछ की पर वे मां और पिता के रिश्ते के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता पाए।
मृतका के भाई ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम से मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घनश्याम तिवारी, इंस्पेक्टर, कोतवाली