संदिग्ध हालात में महिला की मौत
जहर खिलाने की सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस
वाल्टरगंज के तेलियाडीह गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। क्षेत्र के तेलियाडिह गांव की 40 वर्षीय महिला की रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह परिवार व गांव वाले अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि पुलिस पहुंच गई। एसओ संजय शुक्ल ने बताया कि विषाक्त पदार्थ खाने से मौत की सूचना मिली थी। गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चा है। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।
रविवार रात करीब 11 बजे गीता देवी पत्नी रामबहादुर यादव की घर पर ही मौत हो गई। सुबह परिवार के लोग तेलियाडिह कठिनइया नदी में शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थेे। इसी दौरान किसी ने यूपी-100 पर पुलिस को विषाक्त पदार्थ खाकर मौत की सूचना दे दी। सौ नंबर की पुलिस टीम पहुंची। थानेदार संजय कुमार शुक्ल को विषाक्त पदार्थ खाकर मरने की जानकारी देकर टीम चली गई। एसओ का कहना है कि परिवार के लोग निकट के घाट पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाने वाले थे, तभी वे पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि यह स्वाभाविक मौत का मामला प्रतीत होता है। कुछ देर बाद मृतका के बुजुर्ग पिता हरीराम यादव व मां सोमना भी गांव के दर्जनों लोगों के साथ तेलियाडीह जा पहुंचीं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा।
हफ्ते भर से बीमार थी गीता
मृतका के पति राम बहादुर पांच भाइयों में तीसरे नंबर के हैं। इनके अलावा भाइयों में कोदई और राम प्यारे बड़े हैं। तीसरे नंबर के राम बहादुर चौथे राजेश और पांचवे व सबसे छोटे दुर्गेश हैं। मृतका व राम बहादुर के तीन बेटे हैं। जिनमें अनिल 18 साल का है। बाकी सनी आठ व कन्हैया सिर्फ छह वर्ष का है। दोनों ने बेटी का दिमागी हालत ठीक नहीं रहने की बात पुलिस को बताई। मृतका के पति रामबहादुर एक हाथ व पैर से लाचार हैं। उनके बडे़ बेटे अनिल यादव ने बताया कि एक सप्ताह से मां को बुखार था। जितना सामर्थ्य था उतना इलाज कराया लेकिन मां को नहीं बचा सके।